loading...

जब अमेरिका ने ओसामा को मार गिराया तो मुझे बड़ी शर्मिंदगी महसूस हुई थी : इमरान खान


पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा है कि जब अल कायदा के मुखिया ओसामा बिन लादेन को अमेरिकी सुरक्षा बलों ने मार गिराया तो उन्हें बड़ी शर्मिंदगी महसूस हुई थी. पीटीआई के मुताबिक इमरान खान ने यह बात वाशिंगटन स्थित यूएस इंस्टीट्यूट ऑफ पीस (यूएसआईपी) में कही. उनके मुताबिक यह शर्मिंदगी इस वजह से थी कि ओसामा बिन लादेन के मुद्दे पर अमेरिका ने अपने करीबी सहयोगी पाकिस्तान पर विश्वास नहीं किया था.
इमरान खान ने कहा, ‘मैं आपको बता दूं कि जब ओसामा बिन लादेन को अमेरिकी सैनिक पाकिस्तान से निकालकर ले गये, तब मुझे बड़ी शर्मिंदगी महसूस हुई थी.’ एक सवाल के जवाब में पाकिस्तान प्रधानमंत्री का कहना था, ‘मैंने इतनी शर्मिंदगी कभी महसूस नहीं की थी क्योंकि एक ऐसा देश जिसे हम अपना सहयोगी मानते हैं वह हम पर यकीन ही नहीं करता है.’
2011 ओसामा बिन लादेन को अमेरिकी सुरक्षा बलों ने पाकिस्तान के एबटाबाद में मार गिराया था. पूरी दुनिया को चौंका देने वाली यह कार्रवाई पाकिस्तान को बिना बताए की गई थी. अमेरिकी सील्स ने ओसामा बिन लादेन को मार गिराने के बाद उसे समुद्र में किसी अज्ञात जगह पर दफना दिया था. इस पूरे अभियान को ऑपरेशन जेरोनिमो कोड नेम दिया गया था.

Comments

loading...