एमएस धोनी के सेना में जाने पर 'दीवाने' हुए दिग्गज, गंभीर बोले- कमाल कर दिया

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के सेना में जाने के फैसले की दिग्गज क्रिकेटरों ने तारीफ की है. वर्ल्ड कप विजेता कप्तान कपिल देव और पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ने सराहना की है और कहा है कि धोनी का यह फैसला देश के युवाओं को प्रेरित करेगा. पूर्व क्रिकेटर और अब बीजेपी सांसद गौतम गंभीर पहले कई बार यह कह चुके हैं कि धोनी को सेना की वर्दी तभी पहननी चाहिए जब वह सेना के लिए कुछ करें. लेकिन अब गंभीर ने धोनी के सेना के साथ समय बिताने के कदम को ऐतिहासिक बताया है.
धोनी ने कमाल का कदम उठाया
गंभीर ने समाचार चैनल एबीपी न्यूज के करगिल युद्ध के 20 साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में कहा, 'धोनी का यह कदम कमाल का है. मैंने पहले कई बार कहा है कि धोनी को सेना की वर्दी तभी पहननी चाहिए जब वह उसके लिए कुछ करें और अब धोनी ने सेना के साथ समय बिताने का फैसला किया है. इससे पता चलता है कि वह सेना के प्रति कितने समर्पित और गंभीर हैं. धोनी का यह कदम देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का काम करेगा और वे सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित होंगे.'
युवाओं को सेना में जाना चाहिए
गंभीर की बात को कपिल देव का समर्थन मिला. कपिल ने कहा, 'धोनी ने जो किया है, वो बड़ा फैसला है. इससे देश का युवा प्रेरित होगा. मुझे लगता है कि देश के युवाओं को कुछ समय सेना में जरूर बिताना चाहिए, जिससे देश का भला हो सके और युवाओं को नई सीख मिल सके.'
वर्ल्ड कप के बाद धोनी ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को बता दिया था कि वह सेना के साथ समय बिताने के लिए क्रिकेट से दो महीने का ब्रेक लेंगे. इसी कारण धोनी को वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली वनडे और टी-20 सीरीज के लिए भी टीम में नहीं चुना गया.
16 दिन कश्मीर में रहेंगे धोनी
सेना की ओर से गुरुवार को जानकारी दी गई थी कि धोनी 31 जुलाई से 15 अगस्त तक कश्मीर में पैराशूट रेजीमेंट के साथ रहेंगे. इस दौरान वह गार्ड, पेट्रोलिंग और पोस्ट ड्यूटी जैसे काम संभालेंगे. वह जवानों के साथ ही रहेंगे.
Comments
Post a Comment