loading...

भारत ने बंद की मदद तो कुत्तों और सांप से कांप उठेगा पाकिस्तान


आर्थिक संकट से जूझ रहा पाकिस्तान कुत्तों और सांप के जहर से बचने के लिए भारत पर निर्भर है। पाकिस्तान ने पिछले 16 महीनों में भारत से 248 करोड़ रुपये से अधिक के रेबीज रोधी और विष रोधी टीकों का आयात किया है। मीडिया रिपोर्ट से यह जानकारी मिली। 
एक पाकिस्तानी समाचार पत्र में गुरुवार को प्रकाशित खबर के मुताबिक, पाकिस्तान का राष्ट्रीय स्वास्थ्य संस्थान (एनआईएच) रेबीज-रोधी और विष-रोधी दवाओं का उत्पादन देश में मांग के अनुसार करने में सक्षम नहीं है। इस कारण पाकिस्तान ने पिछले 16 महीनों में भारत से 3.6 करोड़ डॉलर यानी 248 करोड़ रुपये से अधिक के टीकों का आयात किया है।
जबकि पिछले छह महीनों में पाकिस्तान ने भारत से 2.56 अरब रुपये की दवाइयां आयात की हैं। पाकिस्तान के सांसद रहमान मलिक ने भारत से खरीदी जा रही दवाओं की मात्रा और इनके मूल्य के बारे में सवाल किया। इसके बाद राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा मंत्रालय ने संसद की स्थायी समिति को इस बारे में जानकारी दी।
मंत्रालय ने कहा कि रेबीज रोधी और विष रोधी दोनों तरह के टीके देश में बनाए जाते हैं। हालांकि, इससे मांग की पूर्ति नहीं हो पा रही है। इस कारण इन टीकों को भारत से आयात किया जा रहा है। बता दें कि रेबीज एक विषाणु जनित बीमारी है, जो कुत्ता, बिल्ली और बंदर के काटने पर होती है। यह खून या लार के जरिये भी शरीर में प्रवेश कर सकती है।

Comments

loading...